भर गई सरकार की झोली… विदेशी मुद्रा भंडार 10 महीने के टॉप पर
नई दिल्ली: जीएसटी के बाद विदेशी मुद्रा भंडार के मोर्चे पर भी अच्छी खबर है। 28 अप्रैल को खत्म हफ्ते में देश का विदेशी मुद्रा भंडार 4.532 अरब डॉलर बढ़कर 588.780 अरब डॉलर पहुंच गया। यह इसका 10 महीने का उच्चतम स्तर है। फॉरेन करेंसी एसेट्स में तेजी से इसमें उछाल आया है। देश के फॉरेक्स रिजर्व में सबसे ज्यादा वेटेज फॉरेन करेंसी एसेट्स का है। इससे पहले 21 अप्रैल को खत्म हफ्ते में देश के विदेशी मुद्रा भंडार में 2.164 अरब डॉलर की गिरावट आई थी। दूसरी ओर, पाकिस्तान के विदेशी मुदा भंडार में एक बार फिर गिरावट आई है। स्टेट बैंक ऑफ पाकिस्तान के मुताबिक 28 अप्रैल के खत्म हफ्ते में देश का विदेशी मुद्रा भंडार 60 लाख डॉलर की गिरावट के साथ 4.5 अरब डॉलर रह गया है।
भारत में 28 अप्रैल को खत्म वीक में फॉरेन करेंसी एसेट्स 4.996 अरब डॉलर बढ़कर 519.485 अरब डॉलर पहुंच गई। उससे पिछले हफ्ते इनमें 2.146 अरब डॉलर की गिरावट आई थी।