केजरीवाल के ‘शीशमहल’ पर घमासान AAP मंत्री ने लिखी चिट्ठी, LG ने फेंका खुला चैलेंज
नई दिल्ली:ऑपरेशन शीशमहल (Operation Sheesh Mahal) के बाद दिल्ली की सियासत गरम है। घमासान थमने का नाम नहीं ले रहा है। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल (CM Arvind Kejriwal) के घर के रेनोवेशन पर हुए बेतहाशा खर्च को लेकर सवाल उठ खड़े हुए हैं। विवाद के बीच उपराज्यपाल (LG) वीके सक्सेना ने अधिकारियों को खर्च का रिकॉर्ड सुरक्षित करने का आदेश दिया था। साथ ही 15 दिनों के भीतर मामले पर रिपोर्ट मांगी थी। अब आम आदमी पार्टी (AAP) ने इस पर आपत्ति जताई है। पार्टी की मंत्री आतिशी ने LG को चिट्ठी लिखी है। इसमें आतिशी ने बंगले के दस्तावेज जमा कराने के आदेश को असंवैधानिक करार दिया है। मंत्री ने दावा किया है कि LG ऐसा आदेश नहीं पारित कर सकते हैं। यह उनके अधिकार क्षेत्र में नहीं आता है। इस बीच वीके सक्सेना ने एलजी हाउस के रेनोवेशन पर 15 करोड़ रुपये के खर्च के आरोपों पर खुला चैलेंज फेंका है। उन्होंने कहा है कि राजनिवास सबके लिए खुला है। कोई भी आकर देख सकता है।
