चीन के हस्तक्षेप से अरब दुनिया में गिर रही है शिया और सुन्नी की दीवार
चीन की मध्यस्थता में सऊदी अरब और ईरान में राजनयिक संबंध सामान्य होने की ओर हैं। लेकिन गौर से देखें तो यह बदलाव सिर्फ सऊदी अरब और ईरान में संबंध बहाली का मसला नहीं है। पश्चिम एशिया में कई ऐसी हलचलें नजर आ रही हैं जो पूरी अरब दुनिया में नए अध्याय की कहानी लिखते नजर आ रहे हैं। इसकी एक बानगी तब मिली थी जब इजराइली सुरक्षा बलों ने कुछ फलस्तीनी प्रदर्शनकारियों का पीछा करते हुए अल अक्सा मस्जिद के अंदर घुस कर कार्रवाई की थी।
इजराइली पुलिस की कार्रवाई के बाद सभी अरब देशों ने एकजुट होकर इजराइल की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए चेतावनी जारी की है। अरब दुनिया के तीन अहम देश ईरान, तुर्की और सऊदी अरब भी इस मुद्दे पर एक साथ खड़े दिख रहे हैं। तुर्की के राष्ट्रपति रैचप तैय्यप अर्देआन ने इस मुद्दे पर सभी इस्लामिक देशों को एकजुट होने की अपील की है। इस्लामिक देशों के संगठन (आर्गेनाइजेशन ऑफ इस्लामिक कोऑपरेशन-ओआईसी) ने इस मसले पर एक मीटिंग कर बयान जारी किया है। बयान का सख्त लहजा क्षेत्र में तनाव के साथ अरब देशों की एकजुटता का भी अंदाज देता है। बयान में ओआईसी ने इजराइल को हमलावर, कब्ज़ा करने वाला, आक्रमणकारी करार देते हुए कार्रवाई को बर्बर करार दिया है। बयान में इजराइल को अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार कानूनों, संयुक्त राष्ट्र के नियमों, संधियों का उल्लंघन करने का आरोप लगाया गया है। चीन ने ये मुद्दा यून में भी उठाने की बात कही है।
