दुर्ग जिला पंचायत अध्यक्ष का निधन, मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने जताया शोक
छत्तीसगढ़ कांग्रेस के लिए एक और दुखद खबर सामने आई है। जिला पंचायत दुर्ग की अध्यक्ष शालिनी रिवेंद्र यादव का निधन हो गया। मंगलवार को अचानक उनकी तबीयत खराब हो गई थी। इसके बाद ग्रीन कॉरिडोर बना कर उन्हें रायपुर स्थित रामकृष्ण अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वहां उपचार के दौरान निधन हो गया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार शालिनी यादव का स्वास्थ्य बीते कुछ दिनों से खराब चल रहा था। ज्यादा गंभीर होने पर उन्हें चंदूलाल चंद्राकर अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां डॉक्टरों ने उन्हें रायपुर ले जाने की सलाह दी। रायपुर के रामकृष्ण केयर अस्पताल में कुछ देर तक इलाज के बाद दुनिया को अलविदा कह दिया। उनके निधन की खबर से कांग्रेस पार्टी में शोक की लहर दौड़ गई।
सीएम ने जताया दुख – मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने दुर्ग जिला पंचायत अध्यक्ष शालिनी यादव के निधन पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने शोक संतप्त परिवारजनों के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की है। गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू सहित दुर्ग जिला के कांग्रेसजनों और उनके ग्राम बोरई और जिला पंचायत निर्वाचन क्षेत्र के लोगों ने शोक संवेदना व्यक्त करते उन्हें श्रद्धांजली दी है।