रूस से सस्ते में कच्चा तेल पाने का पाकिस्तानी सपना टूटा
इस्लामाबाद: पाकिस्तान को रूस से सस्ता कच्चा तेल मिलने का सपना अब हकीकत नहीं बनने वाला है। कंगाल पाकिस्तान अभी तक भारत के जैसे रूस से सस्ता में कच्चा तेल आयात करने की कोशिश कर रहा था। बताया जा रहा है पाकिस्तान ने कच्चे तेल की पहली खेप तेल पाने के लिए मॉस्को से किए गए वादे को पूरा नहीं किया है। रूस इस बात से भी नाराज है कि पाकिस्तान पैसों के लिए यूक्रेन को हथियार बेच रहा है। यूक्रेनी सेना इन हथियारों का इस्तेमाल रूसी सेना के खिलाफ कर रही है। हाल में ही इसके कई सबूत भी सामने आए हैं। हालांकि, पाकिस्तान ने ये हथियार सीधे तौर पर यूक्रेन को न बेचकर ब्रिटेन और अमेरिका के जरिए भेजा है।
पाकिस्तान ने रूस से वादा किया था कि वह कच्चे तेल के आयात के लिए एक नई स्पेशल परपज व्हीकल (एसपीवी) कंपनी स्थापित करेगा। यह कंपनी पाकिस्तानी रिफाइनरियों को रूसी कच्चे तेल के आयात के लिए जिम्मेदार होगी। यह सरकार संचालित कंपनी तेल के आयात और भुगतान से संबंधित सभी मामलों को भी संभालने वाली थी।
