छत्तीसगढ़ में किसानों को सरकार का तोहफा, अब समर्थन मूल्य पर प्रति एकड़ 20 क्विंटल धान की होगी खरीदी
किसानों की मांग पर लिया फैसला
रायपुर: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने गुरुवार को विधानसभा में किसानों के हित में बड़ी घोषणा की। मुख्यमंत्री ने बताया कि सरकार समर्थन मूल्य पर प्रति एकड़ 20 क्विंटल धान की खरीदी करेगी। बघेल ने विधानसभा में विनियोग विधेयक पर चर्चा का जवाब देते हुए यह घोषणा की। विधानसभा में चर्चा के बाद विनियोग विधेयक 2023 पारित कर दिया गया। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि आवास योजना के सभी पात्र हितग्राहियों को आवास दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारे राज्य की अर्थव्यवस्था की रीढ़ किसान हैं। सम्पूर्ण विश्व आज खाद्य संकट की अग्रसर हो रहा है। इसका मुख्य कारण है कृषि का अलाभप्रद होना। हमारी सरकार बनते ही हमने किसानों की ऋण माफी की। सरकार राजीव गांधी किसान न्याय योजना से किसानों को सशक्त बना रही है। उन्हें इनपुट सब्सिडी का लाभ भी दिया जा रहा है। सरकार ने फैसला किया है कि समर्थन मूल्य पर प्रति एकड़ धान की खरीदी 15 क्विंटल से बढ़ाकर 20 क्विंटल की जाएगी। इसकी वजह बताते हुए बघेल ने कहा कि वे भेंट-मुलाकात में जहां भी गए, किसानों की एक ही मांग थी, समर्थन मूल्य पर प्रति एकड़ 20 क्विंटल धान की खरीदी की जाए।