जल्लूपुर खेड़ा में अमृतपाल ने बनाई थी फायरिंग रेंज
अमृतपाल के गिरफ्तार गनमैन गोरखा बाबा के फोन की जांच से नया खुलासा हुआ है। पंजाब पुलिस को फोन से इस बात के सबूत मिले हैं कि यह लोग जल्लूपुर खेड़ा के पास फायरिंग रेंज बनाकर हथियार चलाने की प्रैक्टिस कर रहे थे। वहां हथियारों को खोलने-जोड़ने की ट्रेनिंग दी जा रही थी। इन्होंने आनंदपुर खालसा फोर्स के होलोग्राम भी बना रखे थे।
पंजाब पुलिस के IG हेडक्वार्टर सुखचैन सिंह गिल ने यह जानकारी दी है। IG ने बताया कि इस केस में अभी तक 207 लोग पकड़े गए हैं। इनमें 30 आरोपी हार्डकोर क्रिमिनल हैं। इनको गिरफ्तार किया जाएगा। बाकी 177 लोगों के खिलाफ प्रिवेंटिव एक्शन लिया गया है। उनको वैरिफाई किया जा रहा है। वैरिफिकेशन के बाद उन्हें छोड़ा जाएगा।
IG गिल ने यह भी बताया कि अमृतपाल का हुलिया अभी सेम है। उसने पगड़ी पहनी हुई है। चश्मा लगाया है। हालांकि उसने अपनी मूंछों को दाढ़ी के साथ फिक्स कर दिया है। अमृतपाल बिलगा के शेखूवाल के गुरुद्वारे से लाडोवाल गया था। वहां नदी पार करने के लिए नांव ढूंढ रहा था, लेकिन नांव नहीं मिली तो पुराने पुल को क्रॉस कर हार्डीज वर्ल्ड में गया। वहां से ऑटो लेकर कुरुक्षेत्र के शाहाबाद आया।