बंगाल में सरकारी कर्मचारियों ने मांगा केंद्र के बराबर DA:ममता बोलीं- चाहे मेरा सिर काट दें, मंहगाई भत्ता नहीं बढ़ा सकती
बंगाल में सरकारी कर्मचारी केंद्र के बराबर मंहगाई भत्ता (DA) बढ़ाने की मांग कर रहे हैं। कर्मचारियों ने इसे लेकर विरोध प्रदर्शन भी किया। इस पर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सोमवार को कहा कि कर्मचारी चाहे तो उनका सिर काट दें, तब भी बंगाल सरकार उन्हें DA बढ़ा कर नहीं दे सकती। उन्होंने ने यह बात बजट सत्र के दौरान कही। उन्होंने इसे विपक्ष समर्थित विरोध प्रदर्शन भी बताया।
CM ने कहा-हम जो दे रहे हैं उसे स्वीकार करें
ममता ने केंद्र और राज्य सरकारों के वेतन ढांचे में अंतर के बारे में बताया और दावा किया कि TMC सरकार पहले से ही अपने कर्मचारियों को 105% DA दे रही है। उन्होंने कहा कि आप और कितना चाहते हैं। राज्य सरकार के कर्मचारियों का केंद्रीय कर्मचारियों से अलग वेतनमान होता है।
हम जो दे रहे हैं उसे स्वीकार करें। अगर आप मुझे पसंद नहीं करते, तो मेरा सिर काट दो। लेकिन इससे परे, मैं कुछ नहीं कर सकती।
