त्रिपुरा में बोले नड्डा- 9 साल पहले भारत घुटने टेकता
त्रिपुरा में विधानसभा चुनाव के लिए बीजेपी ने अभियान शुरू कर दिया है। शुक्रवार को पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा त्रिपुरा पहुंचे, यहां उन्होंने अमरपुर और कुमारघाट में दो जनसभाओं को संबोधित किया। नड्डा ने कहा कि 9 साल पहले भारत घुटने टेकने वाला देश था, फैसला न ले पाने वाला भारत था।
पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत आकांक्षाओं का देश बन गया है, छलांग लगाने वाला देश बन गया है। जनसभाओं के बाद नड्डा ने गोमती में एक पार्टी कार्यकर्ता के घर पारंपरिक तौर पर केले के पत्ते पर भोजन किया।
डबल इंजन की सरकार ने बदली राज्य की तस्वीर
जनसभा को संबोधित करते हुए जेपी नड्डा ने कहा कि डबल इंजन की सरकार ने राज्य की तस्वीर बदल दी है। पिछले 5 सालों में त्रिपुरा में खूब विकास हुआ है। आज यहां आना मेरे लिए सौभाग्य की बात है। यहां मौजूद भीड़ बताती है कि त्रिपुरा के लोगों ने फिर से बीजेपी, बीजेपी और बीजेपी को सरकार में लाने का फैसला किया है। पांच साल पहले त्रिपुरा दंगों, बंद और अशांति के लिए जाना जाता था। आज त्रिपुरा में विकास, कनेक्टिविटी, इंफ्रास्ट्रक्चर और शांति दिखती है।