नासा ने खोजा नया ग्रह, इंसानों के लिए हो सकती है दूसरी धरती
नासा ने लगभग 100 प्रकाश-वर्ष दूर एक छोटे तारे के चारों ओर घूमते हुए एक ग्रह को खोजा है। यह ग्रह पृथ्वी के आकार का है। इस ग्रह का नाम TOI 700 e है। यह एक चट्टानी ग्रह है, जिसका आकार पृथ्वी का 95 फीसदी है। यह पृथ्वी से सिर्फ 5 फीसदी छोटा है। यह चौथा ग्रह है ,जिसे एक M बौने तारे TOI 700 की परिक्रमा करते हुए खोजा गया है।नासा ने इससे पहले 2020 में एक ग्रह खोजा था, जिसे TOI 700 d नाम दिया गया था। वह भी पृथ्वी के ही आकार का है। ये दोनों ग्रह अपने तारे के रहने योग्य क्षेत्र में मौजूद हैं। तारे से यह ग्रह इतनी दूर हैं कि संभवत: इस पर पानी मौजूद हो सकता है। अगर इन ग्रहों पर पानी है तो इनमें से कोई एक जीवन के लिए एकदम सही हो सकता है। चौथे ग्रह की खोज के बारे में घोषणा मंगलवार को अमेरिका के सिएटल में अमेरिकन एस्ट्रोनॉमिकल सोसायटी की 241वीं बैठक में की गई है।इस ग्रह की खोज के बारे में एक अध्ययन को द एस्ट्रोफिजिकल जर्नल लेटर्स की ओर से प्रकाशन के लिए स्वीकार कर लिया गया है। कैलिफोर्निया के पासाडोना में नासा की जेट प्रोपल्शन लेबोरेटरी में इस स्टडी की प्रमुख लेखक एमिली गिल्बर्ट ने एक बयान में कहा, ‘यह कई, छोटे और रहने योग्य ग्रहों के सिस्टम में से एक है, जिसे हम जानते हैं। इस खोज के बाद अब TOI 700 सिस्टम का अतिरिक्त फॉलो-अप होगा। प्लैनेट ई, प्लैनेट डी से लगभग 10 फीसदी छोटा है।’