मनप्रीत मोनिका सिंह अमेरिका की पहली महिला सिख जज बनीं
भारतीय मूल की मनप्रीत मोनिका सिंह अमेरिका की पहली महिला सिख जज बनी हैं। वो टेक्सास राज्य के हैरिस काउंटी में जज के तौर पर अपनी सेवाएं देंगी। जज चुने जाने के बाद मोनिका ने सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी दी।
उन्होंने लिखा- मां हमने कर दिखाया, सिविल कोर्ट जज बनकर हैरिस काउंटी के लोगों के लिए काम करना मेरे लिए गर्व की बात होगी।
मोनिका के जज बनने के लिए रखी गई सेरेमनी के दौरान पूरा कोर्ट रूम लोगों से खचाखच भर गया था।
‘एक दिन ऐसा होगा जब किसी सिख का जज बनना आम बात होगी’
जज बनने के बाद मोनिका ने कहा- ये एक ऐतिहासिक पल है। एक दिन ऐसा आएगा जब किसी महिला और सिख का जज बनना आम बात हो जाएगी। मैं अपने 20 साल के अनुभव का अच्छा इस्तेमाल करूंगी। उन्होंने कहा- मुझे लगता है कि पढ़ते हुए बच्चों के लिए जरूरी है कि वो ये देख पाएं कि अब वो ऐसे प्रोफेशन की तरफ भी जा सकते हैं जो पहले उनकी अप्रोच से बाहर थे।