थाईलैंड की राजकुमारी को मॉर्निंग वॉक में आया हार्ट अटैक
थाईलैंड की राजकुमारी बजराकितियाभा को कुत्ते के साथ दौड़ते समय हार्ट अटैक आ गया जिससे वे बेहोश हो गईं। उन्हें सीपीआर दिया गया लेकिन कोई असर नहीं हुआ। जिसके बाद उनके पिता और राजा वजीरालोंगकोर्न उन्हें हेलीकॉप्टर के जरिए बैंकॉक के पाक चोंग नाना अस्पताल लेकर गए।
रिपोर्ट के अनुसार, अस्पताल में इलाज के बाद भी राजकुमारी को होश नहीं आया है। वहीं सोशल मीडिया पर उनकी मौत की अफवाह तैर रही हैं। राजकुमारी थाईलैंड की राजगद्दी की अगली वारिस हैं। राजा के बाद उनका गद्दी पर बैठना तय माना जा रहा था। वे आस्ट्रिया में थाईलैंड की राजदूत के तौर पर भी काम कर चुकी हैं।
राजकुमारी को मशीन के जरिए रखा जा रहा जिंदा
राजकुमारी बुधवार सुबह खाओ याई नेशनल पार्क में कुत्ते के साथ दौड़ रही थीं। उसी दौरान उन्हें हार्ट अटैक आया। उन्हें एक घंटे तक सीपीआर दिया गया लेकिन होश नहीं आया। रिपोर्ट के मुताबिक अस्पताल में उन्हें ईसीएमओ मशीन पर रखा गया है। जिसका मतलब है उन्हें मशीन की मदद से जिंदा रखा जा रहा है।
