रिलायंस मेट्रो डील : डीमार्ट से सीधी टक्कर
नई दिल्ली:रिलायंस इंडस्ट्री के चेयरमैन और देश के दूसरे सबसे अमीर शख्स मुकेश अंबानी एक और कंपनी को खरीदने जा रहे हैं। रिलायंस और जर्मन रिटेलर मैट्रो एजी कैश एंड कैरी के बीच डील लगभग फाइनल हो चुकी है। रिपोर्ट के मुताबिक 28 दिसंबर को रिलायंस इस कंपनी का अधिग्रहण करेंगे। आपको बता दें कि 28 दिसंबर को धीरू भाई अंबानी का जन्मदिवस होता है। दोनों कंपनियों के बीच ये डील 500 मिलियन यूरो यानी करीब 4060 करोड़ रुपये में होगा। मेट्रो के अधिग्रहण के बाद रिलायंस रिटेल की सीधी टक्कर रिटेल चेन डीमार्ट और हाईपर मार्केट से होगी।
मेट्रो का करेगा अधिग्रहण
मुकेश अंबानी रिटेल चेन मेट्रो का अधिग्रहण करने जा रहे है। मेट्रो के 31 स्टोर्स इस अधिग्रहण के बाद रिलायंस के होंगे जिसे वो मल्टी ब्रांड रिटेल चेन बनाने की तैयारी करेंगे। इस डील में रिलायंस मेट्रो की भारत यूनिट का अधिग्रहण करेगी, जिसके बाद मेट्रो के भारत में मौजूद 31 होलसेल डिस्ट्रीब्यूशन सेंटर्स के साथ लैंड बैंक्स और अन्य रिटेल ऑउलेट्स रिलायंस के हो जाएंगे। मेट्रो और रिलायंस की डील के बाद रिलायंस रिटेल का बी2बी सेगमेंट और मजबूत हो जाएगा। आपको बता दें कि मेट्रो का सालाना रेवेन्यू 1 अरब डॉलर का है।