भारत जोड़ो यात्रा में पहली बार जय-वीरू साथ-साथ
कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा में शनिवार को पहली बार छत्तीसगढ़ की राजनीति के जय-वीरू यानी मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव की जोड़ी साथ-साथ नजर आई। दोनों दिग्गज नेता खरगोन जिले के उमरिया चौकी से इंदौर के बलवाड़ा तक राहुल गांधी के साथ-साथ चले। देर शाम महू में डॉ. भीमराव अम्बेडकर की जन्म स्थली पर छत्तीसगढ़ से ले जाए गए मिट्टी-पानी से पौधा रोपण किया गया।
छत्तीसगढ़ से गये अतिथि पदयात्रियों के लिए शनिवार-रविवार का समय तय हुआ था। इसके लिए कांग्रेस नेताओं का जत्थे अलग-अलग समय पर शुक्रवार को ही मध्य प्रदेश पहुंच गये थे। वहां अधिकांश नेता खंडवा के ओंकारेश्वर पहुंचे। वहां पूजा-अर्चना के बाद सभी आसपास के हाेटलों में ठहरे। राहुल गांधी की भारत जोड़ाे यात्रा सुबह करीब 6 बजे खंडवा जिले के मोरटक्का से शुरू हुई।
