मंगलुरु ब्लास्ट के आरोपी ने ISIS से ट्रेनिंग ली
केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री शोभा करंदलाजे ने शुक्रवार को कहा कि मंगलुरु विस्फोट के आरोपियों ने आतंकी संगठन इस्लामिक स्टेट (ISIS) से ट्रेनिंग ली हुई है। इतना ही नहीं, इन लोगों ने देश में आतंकी गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए 40 से ज्यादा लोगों को प्रशिक्षित भी किया है।
केंद्रीय मंत्री ने बताया कि आरोपी शारिक 19 नवंबर को कुकर बम से मंगलुरु के कादरी मंजूनाथ स्वामी मंदिर में विस्फोट करने वाला था। शारिक से मंगलुरु और उसके आसपास के इलाकों में स्थित कई मंदिरों के नक्शे मिले हैं। उन्होंने कहा कि आरोपियों ने इसके लिए पुख्ता प्लान तैयार कर रखा था।
करंदलाजे ने दावा किया कि आरोपियों का उद्देश्य तटीय कर्नाटक में सांप्रदायिक तनाव पैदा करना था। उनके टारगेट पर मंदिर और कई नेता भी थे। भाजपा नेता ने यह भी कहा कि केरल और कर्नाटक के तटीय क्षेत्र में ISIS द्वारा प्रशिक्षित लोग और प्रतिबंधित संगठन पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया के सदस्य आतंकवादी गतिविधियों में शामिल हैं।
