स्टार्टअप्स के लिए सही नहीं हैं आने वाले 18 महीने
नई दिल्ली : भारतीय स्टार्टअप्स के लिए अच्छी खबर नहीं है। अगले 12 से 18 महीनों के दौरान भारतीय स्टार्टअप्स काफी उथल-पुथल और अस्थिरता से गुजरेंगे। फ्लिपकार्ट ग्रुप (के सीईओ कल्याण कृष्णमूर्ति ने यह बात कही है। वे द इकनॉमिक टाइम्स स्टार्टअप अवार्ड्स 2022 में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि अगले साल की शुरुआत से फंडिंग की कमी नए जमाने की टेक कंपनियों को प्रभावित करेगी। उन्होंने आगे कहा कि इसके बाद चीजें बेहतर होंगी और कंपनियों को इस अवधि में सर्वाइव करने पर फोकस करना चाहिए। कृष्णमूर्ति ने कहा, ‘अगला साल कठिन रहने वाला है… मुझे लगाता है कि अगले साल अप्रैल और जून के बीच काफी सारे लोग फंडिंग लेने के लिए मार्केट में आएंगे।’
पिछले साल कंपनियों ने खूब बनाया पैसा
कृष्णमूर्ति ने कहा, ‘साल 2021 में कंपनियों की वैल्यूएशन में दो गुना से छह गुना का उछाल आया। अगले 2 से 3 साल के लिए बनी कुछ धारणाओं के चलते यह उछाल दिखा था। मुझे लगता है कि बहुत जल्द यह साफ हो गया कि वे धारणाएं सही साबित नहीं होंगी। साल 2021 के 6 से 8 महीने बाद यह स्पष्ट हो गया था कि सभी अनुमानों का उल्टा होने वाला है। कंपनियों ने पिछले साल काफी पैसा बनाया। उन्हें इस वैल्यूएशन में ग्रो करने की जरूरत होगी। इन स्टार्टअप्स में से 95 फीसदी इस हाई वैल्यूएशन पर ग्रो करने में समर्थ नहीं हैं।’
