मलेशिया की एयरलाइन कंपनी ने भारत को कहा ‘टाटा’
नई दिल्ली: मलेशिया की एयरलाइन एयरएशिया ने भारत को टाटा कह दिया है। कंपनी ने एयरएशिया इंडिया में अपनी शेष 16.33 फीसदी हिस्सेदारी एयर इंडिया (Air India) को बेचने के लिए एक करार किया है। कंपनी ने बुधवार को बयान में यह जानकारी दी। एयरएशिया इंडिया ने जून, 2014 में भारत में उड़ानें शुरू की थीं। यह टाटा ग्रुप और एयरएशिया का जॉइंट वेंचर था। एयरएशिया ग्रुप की भारत में आठ साल की यात्रा काफी मुश्किल रही। उसका घाटा लगातार बढ़ रहा था। आखिरकार कंपनी ने अपनी बचीखुची हिस्सेदारी टाटा ग्रुप की अगुवाई वाली एयर इंडिया को 155.64 करोड़ रुपये में बेचने का फैसला किया है। इससे उसे न कोई घाटा होगा और न ही कोई फायदा।
एयरएशिया इंडिया में अभी टाटा संस की 83.67 प्रतिशत हिस्सेदारी और एयर एशिया इन्वेस्टमेंट की 16.33 प्रतिशत हिस्सेदारी है। भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग (CCI) ने इस साल जून में एयर इंडिया को एयरएशिया इंडिया की पूरी हिस्सेदारी खरीदने की मंजूरी दी थी। इस बीच एयर इंडिया ने एयरएशिया इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस को मर्ज करके एक लो-कॉस्ट एयरलाइन बनाने का प्रक्रिया शुरू कर दी है। कंपनी का कहना है कि इस प्रोसेस के पूरा होने में एक साल का समय लग सकता है। इसके लिए एक वर्किंग ग्रुप बनाया गया है जिसमें एयरएशिया इंडिया के सीईओ सुनील भास्करन और एयर इंडिया एक्सप्रेस के सीईओ आलोक सिंह शामिल हैं।
