उद्धव का दावा, शिंदे गुट के 22 MLA BJP में होंगे शामिल
मुंबई: महाराष्ट्र में उद्धव ठाकरे बनाम एकनाथ शिंदे की लड़ाई थमने का नाम नहीं ले रही। एमवीए से बगावत करके अलग होने वाले शिंदे बीजेपी के साथ मिलकर मुख्यमंत्री बन गए लेकिन उद्धव और शिंदे गुट के बीच लगातार वाकयुद्ध जारी है। दोनों ही दल एक दूसरे पर आरोपों की बारिश करते रहे हैं। अब उद्धव ठाकरे गुट ने दावा किया है कि शिवसेना के 40 बागी विधायकों में से 22 जल्द ही बीजेपी में शामिल होगे। शिवसेना के मुखपत्र सामना में छपे साप्ताहिक कॉलम रोकठोक में शिवसेना ने यह भी दावा किया है कि एकनाथ शिंदे को अस्थाई मुख्यमंत्री बनाया गया है। सारा काम फडणवीस कर रहे हैं, वह दिल्ली भी शिंदे के बिना जाते हैं। बीजेपी के मेहबानी पर ही शिंदे का मुख्यमंत्री पद टिका हुआ है।
सामना ने लिखा कि दिवाली साल में एक बार आती है लेकिन राजनीति के पटाखे किसी भी समय फूटते रहते हैं। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे पुलिस विभाग में हुए तबादलों पर नाराज हुए और सातारा स्थित उनके गांव चले गए इसकी जानकारी एक खबरिया चैनल ने दी। यह उतना सच नहीं लग रहा है। मुख्यमंत्री नाराज हुए होंगे तो भी फडणवीस को दुत्कार, थोड़ा नाराज होकर गांव जाकर बैठेंगे, ऐसी स्थिति नहीं है। क्योंकि भारतीय जनता पार्टी की मेहरबानी पर उनका मुख्यमंत्री पद टिका हुआ है और शिंदे का राजनीतिक अस्तित्व उसी मुख्यमंत्री पद पर ही टिका है। इसलिए भाजपा शिंदे को गुदगुदी करके मारेगी।
