कांग्रेस नेता पवन खेड़ा बोले-हिंदू आतंकवाद शब्द भी इनके मंत्री का गढ़ा हुआ
कांग्रेस ने भाजपा पर आतंकियों का सहयोग लेने का आरोप लगाया है। कांग्रेस संचार विभाग के राष्ट्रीय प्रमुख पवन खेड़ा ने कहा, भाजपा आतंकवाद पर आत्मनिर्भर हो चुकी है। अपने ही कार्यकर्ता नुपुर शर्मा से कुछ कहवा देंगे। उसके बाद अपने ही कार्यकर्ता रियाज अटारी से कुछ करा देंगे। पवन खेड़ा ने यह भी कहा कि यूपीए सरकार के समय “हिंदू आतंकवाद’ शब्द भी आरके सिंह का गढ़ा हुआ था, जो अब केंद्र सरकार में मंत्री हैं।
रायपुर के कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में पत्रकारों से चर्चा में पवन खेड़ा ने कहा, पिछले दिनों राजस्थान के उदयपुर में एक दर्जी कन्हैयालाल की हत्या हो गई। उसमें शामिल आतंकी मोहम्मद रियाज अटारी भाजपा का कार्यकर्ता निकला। उसने बाकायदा पार्टी नेताओं की मौजूदगी में सदस्यता ली थी। वह भाजपा विधायक दल नेता और पूर्व गृह मंत्री गुलाबचंद्र कटारिया के दामाद की फैक्ट्री में काम कर चुका है। उसका भाजपा के कार्यक्रमों और बड़े नेताओं के साथ भी देखा गया है। पिछले दिनों जम्मू-कश्मीर में ग्रामीणों ने जिन दो आतंकियों को हथियारों के साथ पकड़ा था, उनमें से एक तालिब हुसैन शाह भाजपा का पदाधिकारी निकला। वह अमरनाथ यात्रा मार्ग पर हमले की योजना बना रहा था। उसका भाजपा के कई वरिष्ठ नेताओं यहां तक कि गृह मंत्री अमित शाह के साथ भी तस्वीरें मिली हैं।
