इमरान समर्थकों ने EC ऑफिस पर की फायरिंग:भ्रष्टाचार केस में पूर्व PM को 5 साल अयोग्य ठहराने पर बवाल,
पाकिस्तान के चुनाव आयोग ने शुक्रवर को देश के पूर्व प्रधानमंत्री और PTI नेता इमरान खान को 5 साल के लिए अयोग्य घोषित कर दिया है। उनकी संसद सदस्यता भी रद्द कर दी है। इस फैसले के बाद इमरान अगले 5 साल तक चुनाव नहीं लड़ पाएंगे।
इस फैसले के खिलाफ इमरान समर्थकों ने चुनाव आयोग (EC) के ऑफिस के बाहर जमकर हंगामा किया। इमरान समर्थकों ने यहां तैनात जवानों के साथ पहले हाथापाई की, फिर हवाई फायरिंग भी की। घटना में अब तक कुछ लोगों के घायल होने की खबर है। कुछ आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
विदेशी तोहफों को बेचने का आरोप
पाकिस्तान के मुख्य चुनाव आयुक्त सिकंदर सुल्तान रजा की अध्यक्षता वाली 4 सदस्यों की बेंच ने इमरान के खिलाफ यह फैसला सुनाया। इमरान जब प्रधानमंत्री थे तब विपक्षी सांसदों ने उनके खिलाफ चुनाव आयोग में शिकायत की थी। इमरान पर आरोप था कि उन्होंने तोशाखाना में जमा गिफ्ट्स को सस्ते में खरीदा और ज्यादा दामों में बेच दिया।
