ब्रिटिश होम मिनिस्टर का इस्तीफा:43 दिन ही पद पर रहीं भारतीय मूल की सुएला ब्रेवरमेन
ब्रिटेन की इंटीरियर मिनिस्टर सुएला ब्रेवरमेन ने बुधवार को कैबिनेट से इस्तीफा दे दिया। चंद दिन पहले ही वित्त मंत्री क्वासी ने भी इस्तीफा दिया था। सुएला के इस्तीफे की खबर मीडिया रिपोर्ट्स में दी गई है। प्रधानमंत्री लिज ट्रस या सरकार के प्रवक्ता ने इस बारे में कुछ नहीं कहा है।
ब्रिटेन की सत्तारूढ़ कंजर्वेटिव पार्टी की नेता लिज ट्रस के लिए यह हफ्ता अब तक काफी खराब गुजरा है। उनकी ही पार्टी के कुछ सांसद लिज से भी इस्तीफे की मांग कर रहे हैं। कुछ खबरों में कहा गया है कि सुएला जल्द ही पार्टी लीडरशिप की रेस में शामिल होने का अनाउंसमेंट कर सकती हैं। पिछले दिनों उन्होंने ब्रिटेन में बढ़ते क्राइम रेट और मजहबी हिंसा के लिए इमीग्रेंट्स को दोषी बताया था।
भारतीय मूल ही हैं सुएला
- तेज तर्रार कंजर्वेटिव नेता सुएला भारतीय मूल की हैं। उनके पिता गोवा के रहने वाले थे, जबकि मां तमिल थीं। सुएला को 43 दिन पहले प्रधानमंत्री लिज ट्रस ने इंटीरियर मिनिस्ट्री यानी गृह मंत्रालय की कमान सौंपी थी।
- BBC की एक रिपोर्ट में कहा गया है कि सुएला ने बुधवार शाम प्रधानमंत्री लिज ट्रस से उनके दफ्तर में मुलाकात की। इसके बाद सुएला ने बाहर निकलकर किसी से कुछ नहीं कहा और चुपचाप चली गईं। कुछ देर बाद उनका इस्तीफा मीडिया के सामने आ गया।
- हाल ही सुएला ने रवांडा से आए और गैरकानूनी तौर पर ब्रिटेन में रह रहे लोगों को वापस उनके देश भेजने की बात कही थी। कहा जाता है कि उनके बयान से लिज नाराज थीं।
