ब्रिटिश प्रधानमंत्री लिज ट्रस ने दिया इस्तीफा
लंदन: ब्रिटिश प्रधानमंत्री लिज ट्रस ने इस्तीफा दे दिया है। एक दिन पहले ही सत्तारूढ़ कंजर्वेटिव पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने लिज ट्रस को तलब कर इस्तीफा देने के लिए कहा था। उनकी कैबिनेट में शामिल वित्त मंत्री और गृह मंत्री पहले ही अपना पद छोड़ चुके हैं। प्रधानमंत्री पद की शपथ लेने के बाद से ही लिज ट्रस विरोधियों के निशाने पर थीं। टैक्स कटौती को लेकर उनकी ही पार्टी के सांसद आलोचना कर रहे थे, जिसके बाद सरकार को अपने फैसले पर यू-टर्न लेना पड़ा था। माना जा रहा है कि अब कंरजर्वेटिव पार्टी के नए नेता का चुनाव दोबारा किया जाएगा। हालांकि, अगर सत्तारूढ़ पार्टी के सांसद चाहें तो सिर्फ वे ही मतदान कर नया नेता चुन सकते हैं। अगर बोरिस जॉनसन के वफादार सांसद कोई अड़ंगा नहीं लगाते हैं तो ऋषि सुनक का ब्रिटेन का नया प्रधानमंत्री चुना जाना तय है।
वित्त मंत्री और गृह मंत्री दे चुके हैं इस्तीफा
लिज ट्रस की सरकार बनने के चंद महीनों के अंदर उनकी कैबिनेट के दो शीर्ष मंत्री इस्तीफा दे चुके हैं। इनमें नंबर दो मानी जाने वाली गृह मंत्री सुएला ब्रेवरमैन और नंबर तीन पर काबिज वित्त मंत्री क्वासी क्वार्टेंग शामिल हैं। क्वासी क्वार्टेंग को टैक्स कटौती वाला बिल पेश करने के बाद बढ़ते विरोध को देखते हुए लिज ट्रस ने बर्खास्त कर दिया था।
