मतपत्र पर राहुल गांधी का नाम लिख आए कांग्रेसी:

कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए हुए चुनाव में कुल 9,385 वोट पड़े, जिसमें से 416 वोट रिजेक्ट हो गए। कांग्रेस संगठन के चुनाव प्रमुख मधुसूदन मिस्त्री ने इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कुछ नेता मतपत्र में राहुल गांधी का नाम लिख आए थे। यह जानते हुए भी कि राहुल गांधी चुनाव नहीं लड़ रहे हैं। कुछ नेता तो पर्चे में अपना नाम और कुछ अपना नंबर लिख आए थे।

मल्लिकार्जुन खड़गे कांग्रेस के नए अध्यक्ष बन गए हैं। मधुसूदन मिस्त्री ने खड़गे को नया कांग्रेस अध्यक्ष घोषित कर दिया। उन्होंने शशि थरूर को 6,825 वोटों से हराया है। खड़गे को 7897 वोट मिले, वहीं थरूर को 1072 वोट ही मिल सके। इस तरह से 24 साल बाद कांग्रेस को गैर-गांधी अध्यक्ष मिल गया है।

थरूर के खेमे ने लगाया धांधली का आरोप
चुनाव के नतीजे आते ही थरूर ने खड़गे को बधाई दी और अपना साथ देने वालों को धन्यवाद दिया। इसके बाद वे खड़गे से मिलने उनके दिल्ली स्थित आवास पहुंचे। हालांकि, थरूर के चीफ इलेक्शन एजेंट सलमान सोज ने वोटिंग में धांधली का आरोप लगाया था।

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने नतीजे आने से पहले ही खड़गे की जीत की बात कह दी थी। भारत जोड़ो यात्रा के दौरान उन्होंने कहा कि कांग्रेस अकेली ऐसी पार्टी है, जिसमें इलेक्शन होता है और उसका अपना इलेक्शन कमीशन है। मैंने कांग्रेस इलेक्शन कमेटी के चेयरमैन मधुसूदन मिस्त्री के साथ काम किया। वे काफी स्पष्ट वक्ता हैं। सारे मसले उनकी नजर में लाए गए हैं और वही एक्शन लेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *