अमेरिकी युद्धपोत के ऊपर चीनी लड़ाकू विमान ने भरी उड़ान
बीजिंग: अमेरिका और चीन में तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है। दोनों ही देशों की नौसेनाएं दक्षिण चीन सागर में एक दूसरे के सामने डटी हुई हैं। कई ऐसे मौके भी आए हैं, जब अमेरिकी और चीन की नौसेनाएं आमने-सामने आ गई थीं। इन दिनों चीनी लड़ाकू विमान की एक तस्वीर वायरल हो रही है, जिसमें वह अमेरिकी युद्धपोत के ऊपर से उड़ान भरता नजर आ रहा है। अमेरिका का युद्धपोत अर्ले बर्क क्लास का बताया जा रहा है। हालांकि, इस घटना के समय और जगह को लेकर कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी है। इसके बावजूद अमेरिकी युद्धपोत के ऊपर से चीनी लड़ाकू विमान की उड़ान को काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। सुरक्षा के कारण दुनिया के सभी देश खासकर शत्रुता वाले देश अंतरराष्ट्रीय जलक्षेत्र में एक दूसरे के युद्धपोतों, एयरक्राफ्ट कैरियर के पर्याप्त दूरी बनाकर रखते हैं।
अमेरिकी युद्धपोत के ऊपर उड़ रहा विमान चीन का जे-15
तस्वीर में अमेरिकी युद्धपोत के ऊपर से उड़ान भर रहे लड़ाकू विमान की पहचान चीनी नौसेना के जे-15 के तौर पर हुई है। जे-15 चीनी एयरक्राफ्ट कैरियर से उड़ान भरने वाला लड़ाकू विमान है। ऐसे में माना जा रहा है कि यह घटना चीन की मुख्य भूमि से काफी दूर दक्षिण या पूर्वी चीन सागर की हो सकती है। वर्तमान में चीनी नौसेना के पास दो एयरक्राफ्ट कैरियर ऑपरेशनल हैं। इनके नाम लिओनिंग और शेडोंग है, जो अधिकतर समय दक्षिण चीन सागर में ही गश्त करते रहते हैं। जे-15 लड़ाकू विमान इन्हीं दो एयरक्राफ्ट कैरियरों पर तैनात है।