स्पर्म व्हेल ऑस्ट्रेलिया के तट पर मरी मिलीं
होबार्ट: ऑस्ट्रेलिया के तस्मानिया में 14 स्पर्म व्हेल की मौत हो गई है। सोमवार दोपहर किंग द्वीप पर उस समय इस हादसे के बारे में जानकारी मिली जब कुछ लोग उस समय वहां पर पहुंचे थे। किंग द्वीप, मेलबर्न और तस्मानिया के उत्तरी तट के बीच में स्थित बास स्ट्रैट का हिस्सा है। स्पर्म व्हेल को दुनिया की दुर्लभ प्रजाति माना जाता है और दांत जैसा इसके शरीर का छोटा सा हिस्सा भी करोड़ों में बिकता है। इस समय दुनिया में करीब तीन लाख स्पर्म व्हेल ही बची हैं। इसलिए पूरी दुनिया इन्हें बचाने की कोशिशों में लगी हुई है।
मंगलवार को तस्मानिया के प्राकृतिक संसाधन और पर्यावरण विभाग की तरफ से एक रेस्क्यू टीम को वहां भेजा गया। बताया जा रहा है कि स्पर्म व्हेल तट पर फंस गई थीं और इस वजह से इनकी मौत हो गई। ये सभी युवा स्पर्म व्हेल हैं और नर हैं। वन्यजीव जीव विज्ञानी और डॉक्टर अब इस द्वीप की तरफ पहुंच रहे हैं ताकि वो इस मामले की पड़ताल कर सकें। इससे अलग पार्क और वन्यजीव सेवा स्टाफ की तरफ से हालात पर नजर रखी जा रही है।