लिज ट्रस बनीं ब्रिटेन की नई प्रधानमंत्री
लंदन:लिज ट्रस ब्रिटेन की नई प्रधानमंत्री चुनी गई हैं। उन्होंने कड़े मुकाबले में भारतीय मूल के पूर्व वित्त मंत्री ऋषि सुनक को मात दी है। पहले पांच राउंड के मुकाबले में ऋषि सुनक को भारी बढ़त हासिल थी, लेकिन कंजरवेटिव पार्टी के सदस्यों की अंतिम वोटिंग के दौरान लिज ट्रस ने जीत हासिल की है। इस चुनाव में पूर्व प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन ने खुलकर लिज ट्रस का समर्थन किया था। उन्होंने पार्टी के सदस्यों और सांसदों से लिज ट्रस के लिए वोट भी मांगे थे। बोरिस जॉनसन आरोप लगाते रहे हैं कि ऋषि सुनक के इस्तीफे के कारण ही उन्हें प्रधानमंत्री की कुर्सी गंवानी पड़ी थी। अब 7 सितंबर को लिज ट्रस बतौर प्रधानमंत्री ब्रिटिश संसद में उपस्थित होंगी।
लिज ट्रस के सामने कई चुनौतियां
लिज ट्रस ने ब्रिटेन का प्रधानमंत्री बन कांटों भरा ताज पहना है। उनके सामने कई चुनौतियां हैं। इनमें सबसे बड़ी चुनौती देश में बढ़ती महंगाई, ऊर्जा संकट और बेरोजगारी को दूर करना है। लोग पहले से ही काफी मुश्किलों का सामना कर रहे हैं। अभी तक के चुनावी अभियान में लिज ट्रस ने ऐसी कोई भी विशेष घोषणा नहीं की है, जिससे ब्रिटेन की अर्थव्यवस्था को संभालने में मदद मिले। ऐसे में उनके प्रधानमंत्री पद पर बैठते ही आर्थिक मोर्चे पर सबसे बड़ी समस्या का हल ढूंढना होगा।