6 गार्ड मारे, अब पुलिसवालों का नंबर था
नाम- शिव गौंड उर्फ हल्कू। उम्र 19 साल। पहचान- सीरियल किलर। छह दिन में चार गार्ड्स की हत्या। तीन सागर में और एक भोपाल में। सभी का तरीका एक जैसा। सोते हुए गार्ड्स पर वार करना। शिव अब पुलिस की गिरफ्त में है। गुरुवार-शुक्रवार की दरमियानी रात भोपाल में चौकीदार की हत्या के बाद सागर पुलिस ने मोबाइल लोकेशन के आधार पर शिव को गिरफ्तार कर लिया। मोबाइल भी उसी चौकीदार का था जिसकी दो दिन पहले सागर में उसने हत्या की थी। इन सिलसिलेवार हत्याओं की वजह है- फेमस होने की चाहत।
शिव 8वीं तक पढ़ा है। गांव के उप सरपंच बसंत मेहर बताते हैं कि वह बचपन में लड़ाकू प्रवृत्ति का था। स्कूल में गांव के लड़कों को छोटी-छोटी बात पर पीट देता था। उसकी गांव में किसी से दोस्ती नहीं थी। सभी से झगड़ता रहता था। 6 साल पहले 13 साल की उम्र में घर से भागकर सागर आया। ट्रेन से पुणे पहुंचा। यहां होटल में नौकरी करने लगा।
शिव बीच-बीच में एक-दो दिन के लिए गांव आता था। यहां किसी से मिलता-जुलता नहीं था। एक दिन होटल मालिक के साथ किसी बात को लेकर विवाद हो गया। शिव ने उसे इतना पीटा कि अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। शिव को बाल सुधार गृह भेज दिया गया। पिता नन्हे आदिवासी उसे छुड़ाकर लाए। इसके बाद वह गोवा चला गया। यहां वह काम करते-करते इंग्लिश बोलने-समझने लगा।