AAP-BJP प्रवक्ताओं की सड़क पर जुबानी जंग
दिल्ली में कथित सरकारी स्कूल घोटाले को लेकर आम आदमी पार्टी और भाजपा के प्रवक्ता बीच सड़क पर भिड़ गए। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें भाजपा प्रवक्ता गौरव भाटिया और आप प्रवक्ता सौरभ भारद्वाज में जुबानी जंग देखी जा सकती है।
भाजपा प्रवक्ता ने पूछा- नए स्कूल कहां हैं?
दरअसल, भाजपा प्रवक्ता गौरव भाटिया दिल्ली के सरकारी स्कूल का निरीक्षण करने पहुंचे थे। स्कूल का निरीक्षण करने के बाद भाटिया ने ट्विटर पर लिखा कि आप मेरे तीन सवालों के जवाब दें। दिल्ली सरकार ने 500 नए स्कूल बनाने का वादा किया था, फिर वे 500 नए स्कूल की लिस्ट क्यों नहीं देते? आप प्रवक्ता ने जो पहला स्कूल दिखाया वह 1970 का बना हुआ है। जबकि दूसरा स्कूल अभी बन रहा है, फिर नए स्कूल कहां है?
वहीं, आप प्रवक्ता सौरभ ने ट्विटर पर वीडियो शेयर करते हुए लिखा कि बार-बार आग्रह करने के बाद भी गौरव भाटिया स्कूल के अंदर नहीं गए। मैंने उन्हें कहा कि अभी तो 498 स्कूल और देखने चलना है, लेकिन वे नहीं माने।
टीवी डिबेट से शुरू हुआ था विवाद
यह विवाद एक टीवी डिबेट शो से शुरू हुआ था। डिबेट में भाजपा प्रवक्ता गौरव भाटिया और आप प्रवक्ता सौरभ भारद्वाज मौजूद थे। इस दौरान भाजपा प्रवक्ता भाटिया ने दिल्ली शिक्षा विभाग में घोटाले का आरोप लगाया था। उन्होंने कहा कि केजरीवाल सरकार ने नियमों की अनदेखी करते हुए अपने मौजूदा स्कूलों में कक्षाओं के निर्माण का बजट बढ़ा दिया है। भाटिया ने कहा कि आप ने अपने घोषणा पत्र में दिल्ली में 500 स्कूल बनवाने का वादा किया था, अब तक दिल्ली में कितने स्कूल बने हैं।
