अमृतसर पहुंचे कॉमनवेल्थ गेम्स के पदकवीर:गोल्ड मेडलिस्ट मीराबाई समेत दूसरे वेटलिफ्टर्स का स्वागत
भारतीय सूरमा इंग्लैंड से कॉमनवेल्थ गेम्स के मेडल जीतकर लौटने लगे हैं। सबसे पहले शनिवार को वेटलिफ्टर्स अमृतसर पहुंचे। यहां एयरपोर्ट पर सभी मेडलिस्ट का जोरदार स्वागत हुआ। पंजाब सरकार के DC अमृतसर चैंपियंस की अगुवाई करने पहुंचे थे। यहां सभी का तिलक, तालियां व फूलों के साथ स्वागत किया गया। फिर सभी प्लेयर्स पटियाला रवाना हो गए, जहां उनका सम्मान किया जाएगा।
एयर इंडिया की फ्लाइट AI118 से प्लेयर्स अमृतसर एयरपोर्ट पर सुबह 8.30 बजे लैंड हुए। अमृतसर एयरपोर्ट पर प्लेयर्स का नेतृत्व गोल्ड मेडलिस्ट मीरा बाई चानू करती दिखीं। उनके साथ अन्य सभी 9 वेटलिफ्टर्स, जिनमें पंजाब के चार खिलाड़ी विकास ठाकुर, हरजिंदर कौर, लवप्रीत सिंह, गुरदीप सिंह और संकेत महादेव, गुरुराजा पुजारी, बिंदिया रानी देवी, जेरेमी लालरिनुंगा, अचिंता शिउली भी साथ थे।
अमृतसर में लैंड होने के बाद सभी प्लेयर्स के चेहरों पर एक अलग खुशी थी, जैसे लंबे युद्ध के बाद अपने देश आने की। अमृतसर एयरपोर्ट पर लैंड होते ही प्लेयर्स का स्वागत सबसे पहले कस्टम विभाग के अधिकारियों ने तालियां बजाकर किया। इसके बाद सभी ने ग्रुप फोटो करवाई। इसके बाद पंजाब के सीनियर अधिकारी, DC हरप्रीत सिंह सूदन उनका स्वागत करने के लिए खड़े थे। सभी प्लेयर्स का तिलक लगाकर स्वागत किया गया और उन्हें फूल मालाएं पहनाईं।
