योगी से मिलने पहुंचे नाराज मंत्री दिनेश खटीक
जल शक्ति राज्यमंत्री दिनेश खटीक गुरुवार को सीएम योगी से मिलने पहुंचे। करीब 40 मिनट की मुलाकात के बाद दिनेश खटीक सीएम आवास से बाहर आए। मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा, “मेरे जो भी विषय थे उसे मुख्यमंत्री के समक्ष रख दिए हैं। जैसे पहले काम करता था। वैसे काम करता रहूंगा।”
खटीक की सीएम से मुलाकात के दौरान जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह भी मौजूद रहे। खटीक ने अपने इस्तीफे के लिए लिखे गए पत्र में स्वतंत्र देव सिंह पर भी आरोप लगाए हैं।
नड्डा ने दी थी नसीहत- सरकार और पार्टी फोरम में ही मसले उठाएं
दिनेश खटीक के इस्तीफे से लखनऊ से लेकर दिल्ली तक जो सियासी पारा चढ़ा था। वह, फिलहाल अब ठंडा होता नजर आ रहा है। खटीक ने कहा है, “काम करता रहूंगा।” यानी, उनका इस्तीफा स्वीकार नहीं हुआ है। इससे पहले, राज्यपाल आनंदी बेन पटेल और अमित शाह को अपना इस्तीफा भेजने के बाद खटीक बुधवार को दिल्ली पहुंचे थे।
वहां उन्होंने भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा से उनके आवास पर मुलाकात की थी। नड्डा ने मंत्री खटीक की समस्याओं के हल का भरोसा दिया। साथ ही नसीहत देते हुए कहा कि सरकार के मसले को सरकार और पार्टी फोरम में ही उठाएं।
