16वीं इंडो-चाइना कोर कमांडर मीट
भारत और चीन के बीच चुशूल-मोल्दो में कमांडर लेवल की बातचीत शुरू हो चुकी है। इसके पहले 15वीं कोर कमांडर मीटिंग मार्च में हुई थी। माना जा रहा है कि 16वें दौर की इस बातचीत में गोगरा-हॉट स्प्रिंग्स में पेट्रोलिंग पॉइंट 15 के अलावा देमचोक और देप्संग से डिसएंगेजमेंट पर चर्चा हो सकती है।
इसके पहले मार्च में हुई थी बैठक
सूत्रों के अनुसार पूर्वी लद्दाख में लाइन ऑफ एक्चुअल कंट्रोल (LAC) पर सेना विघटन के लिए बातचीत हो रही है। भारत की ओर से नेतृत्व फायर एंड फ्यूरी कोर कमांडर के लेफ्टिनेंट जनरल ए सेनगुप्ता कर रहे हैं। बैठक में 12 जनवरी को हुई पिछले दौर की चर्चा को आगे बढ़ाया जाएगा।
गौरतलब है कि इससे पहले 15वें दौर की चीन-भारत कोर कमांडर-स्तरीय मीटिंग इसी साल 11 मार्च को हुई थी।
2020 से चल रहा चर्चाओं का दौर
भारत और चीन अप्रैल-मई 2020 से फिंगर एरिया, गलवान वैली, हॉट स्प्रिंग्स और कोंगरुंग नाला सहित कई क्षेत्रों में चीनी सेना के उल्लंघन के विवाद को सुलझाने की कोशिश में लगे हुए हैं। जून 2020 में गलवान घाटी में चीनी सैनिकों के साथ हिंसक झड़प के बाद स्थिति और खराब हो गई। हालांकि अब तक हुई बातचीत के कारण पैंगोंग त्सो उत्तरी-दक्षिणी किनारों और गलवान के कुछ क्षेत्रों से सेना हटाई गई लेकिन अब भी कुछ विवादित हिस्से बाकी हैं।
