Google Analytics Meta Pixel
फीचर्डविदेश

इजराइल :चार साल में पांचवीं बार आम चुनाव

यरुशलम, 30 जून (एपी) इजराइल में दक्षिणपंथी, वामपंथी और मध्यमार्गी के साथ-साथ इस्लामिक अरब पार्टी को भी एकजुट कर सबसे विविधता वाली सरकार बनाने के प्रयोग का बृहस्पतिवार को उस समय पटाक्षेप हो गया जब नेसेट (इजराइली संसद) ने शून्य के मुकाबले 92 मतों से स्वयं को भंग करने के प्रस्ताव को अनुमोदित कर दिया। इसके साथ ही गत चार साल में पांचवीं बार आम चुनाव कराने का रास्ता साफ हो गया है।

इजराइल के पूर्व प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू को सत्ता से दूर रखने के आधार पर विभिन्न विचारधारा के साथ आईं पार्टियों का गठबंधन एक साल से थोड़ा अधिक चला और अंतत: उन्होंने महसूस किया कि विचारों की इतनी विविधिता के साथ सरकार चलाना संभव नहीं है।

नेसेट ने बृहस्पतिवार की सुबह सदन को भंग करने का फैसला किया जिससे वर्ष 2019 के बाद पांचवीं बार देश में आम चुनाव कराने का रास्ता साफ हो गया। आखिरी बार मार्च 2021 में आम चुनाव कराए गए थे।

संसद को शून्य के मुकाबले 92 मतों से भंग किया गया और एक नवंबर को चुनाव होगा।

गठबंधन में हुए समझौते की वजह से विदेश मंत्री 58 वर्षीय यायिर लैपिड के लिए कार्यवाहक प्रधानमंत्री बनने का रास्ता साफ हो गया है। वह प्रधानमंत्री नफ्ताली बेनेट के पद छोड़ने के बाद मध्य रात्रि के बाद कार्यवाहक प्रधानमंत्री का कार्यभार संभालेंगे।

संसद को भंग करने के लिए हुए मतदान के बाद बेनेट और लैपिड ने एक दूसरे को गले लगाया और एक-दूसरे के स्थान पर जाकर बैठे। बृहस्पतिवार दोपहर बाद एक सादे समारोह में सत्ता हस्तांतरण का कार्यक्रम है। लैपिड अगली सरकार बनने तक कार्यवाहक प्रधानमंत्री की जिम्मेदारी निभाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *