चार बसों से गुवाहाटी एयरपोर्ट पहुंचे बागी विधायक, विक्ट्री साइन दिखाया
ये मराठी राजनीति की कल, आज और कल की खबर है। बहुत सारे कल, आज और कल के साथ।
राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे को फ्लोर टेस्ट के लिए बोल दिया है। ये कल होगा और डेडलाइन है गुरुवार शाम 5 बजे तक की। इस खबर के आते ही सियासी हलचल तेज हो गई है। सबसे पहले एकनाथ शिंदे अपने गुट के साथ गुवाहाटी से आज गोवा रवाना होंगे। वहां होटल ताज कन्वेंशन में 71 कमरे बुक हैं। कल ये लोग मुंबई निकलेंगे।
इधर, शिवसेना आज सुप्रीम कोर्ट पहुंच गई और कोर्ट ने भी अर्जी मान ली। सुनवाई आज ही शाम 5 बजे होगी। उससे पहले भाजपा आज शाम अपने विधायकों की बैठक करेगी। ताकि कल के तय फ्लोर टेस्ट की तैयारी कर सके। अभी और भी बहुत से आज-कल आने बाकी हैं।
- गुवाहाटी के रेडिसन ब्लू होटल से चार चार्टर्ड बसों से बागी विधायक गुवाहाटी एयरपोर्ट निकल चुके हैं। उन्होंने विक्ट्री साइन दिखाया। देर रात वे गोवा पहुंचेंगे।
- मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे कैबिनेट की बैठक के लिए आदित्य ठाकरे और मंत्री अनिल परब के साथ मंत्रालय के लिए निकल चुके हैं।
- गुरुवार को होने वाले फ्लोर टेस्ट से पहले देवेंद्र फडणवीस ने राज ठाकरे को फोन कर समर्थन मांगा है। विधानसभा में MNS का एक विधायक है।
- एकनाथ शिंदे सुबह सभी विधायकों के साथ कामाख्या देवी मंदिर में दर्शन के लिए पहुंचे।
- महाराष्ट्र के मंत्री नवाब मलिक और गृह मंत्री अनिल देशमुख ने फ्लोर टेस्ट में वोटिंग की मंजूरी देने के लिए सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है।