इजराइल में बेनेट सरकार गिरेगी:PM नफ्ताली बेनेट की सरकार का टूटा गठबंधन
इजराइल के प्रधानमंत्री नफ्ताली बेनेट की सरकार का गठबंधन टूट गया है। अब सरकार का गिरना तय है और जल्द ही चुनाव भी होंगे। बता दें कि PM नफ्ताली बेनेट और विदेश मंत्री यायिर लापिद की पार्टियों के बीच हुए गठबंधन सरकार चल रही है। यहां 3 साल में 5वीं बार चुनाव होंगे।
दोनों नेताओं ने संयुक्त बयान जारी कर अलायंस तोड़ने की बात कही है। गठबंधन के दौरान हुए समझौते के मुताबिक जब तक अगले चुनाव नहीं हो जाते, तब तक यायिर लापिद कार्यवाहक प्रधानमंत्री रहेंगे। इजराइल की दक्षिणपंथी यमिना पार्टी के नेता नफ्ताली बेनेट हैं। ये पार्टी 2019 में बनी थी। यायिर लापिद यश अतिद नाम की लिबरल पार्टी के चीफ हैं। लापिद ने 2012 में पार्टी बनाई थी।
बेनेट सरकार के पास विपक्ष से बस एक सीट ज्यादा थी
बेनेट सरकार पहले ही अल्पमत में थी और उसके पास विपक्ष से सिर्फ एक सीट ज्यादा थी। बेनेट सरकार के पक्ष में 60, जबकि विरोध में 59 सांसदों ने वोट किया था। अब यायिर लापिद ने भी अलायंस से बाहर आने का फैसला किया है। इजराइल में दो साल में चार सरकारें अल्पमत में रहीं और इसी वजह से चुनाव भी हुए।
