बच्ची के अंग विकसित नहीं हो रहे; बघेल बोले- निश्चिंत रहिए, 5 लाख की FD भी होगी
छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले की 3 साल की दिव्यांग बच्ची का मुख्यमंत्री भूपेश बघेल इलाज करवाएंगे। साथ ही उसके बेहतर भविष्य के लिए 5 लाख रुपए की FD भी बैंक में करवाएंगे। धनोरा में भेंट-मुलाकात कार्यक्रम में बच्ची को लेकर पहुंचे परिजनों ने मुख्यमंत्री से इलाज करवाने की गुहार लगाई थी। बच्ची की स्थित देख CM का भी दिल पसीजा और उन्होंने परिजनों को इलाज का भरोसा दिलाया।
बीमार बच्ची का नाम श्रीजला है। जन्म के बाद से ही उसके शरीर के अंग विकसित नहीं हो रहे हैं। सर्जरी के लिए डॉक्टर ने लाखों रुपए की जरूरत बताई। लेकिन परिजनों की आर्थिक स्थित बेहद दयनीय है। इसलिए इलाज कराना संभव नहीं था। उन्होंने अधिकारियों से भी मदद मांगी थी। लेकिन, सिर्फ आश्वासन मिला था। ऐसे में जब मुख्यमंत्री भेंट-मुलाकात कार्यक्रम के तहत धनोरा पहुंचे और यहां ग्रामीणों से सीधे संवाद किए तो परिजनों ने अपनी समस्या बताई।
बघेल बोले- आप निश्चिंत रहिए
CM ने बच्ची की स्थिति को देखकर इलाज का भरोसा दिलाया। मुख्यमंत्री ने परिजनों से कहा कि आप निश्चिन्त रहिए। बिटिया का इलाज भी होगा और बेहतर भविष्य के लिए बिटिया के नाम पर बैंक में 5 लाख रुपए की FD भी होगा। जब बिटिया 18 साल की हो जाएगी तो इसे पूरी राशि मिलेगी। मुख्यमंत्री ने इसके लिए जिले के अधिकारियों को निर्देश भी दिया है।
