पंजाब सरकार से सेहत मंत्री बर्खास्त:टेंडर और खरीद-फरोख्त में 1% कमीशन ले रहे थे
पंजाब में आम आदमी पार्टी (AAP) की सरकार ने सेहत मंत्री डॉ. विजय सिंगला को मंत्रिमंडल से बर्खास्त कर दिया है। विजय सिंगला को कैबिनेट मंत्री के पद से छुट्टी हो गई है। विजय सिंगला सेहत विभाग में हो रहे काम के बदले 1% कमीशन मांग रहे थे। इसकी शिकायत सीएम भगवंत मान तक पहुंची थी। उन्होंने गुपचुप तरीके से इसकी जांच करवाई। अफसरों से पूछताछ के बार मंत्री को तलब किया गया। मंत्री ने गलती मान ली, इसके बाद उन्हें बर्खास्त कर दिया गया है।
सीएम मान ने बताई पूरी कहानी
इस बारे में सीएम भगवंत मान ने बताया कि मेरे ध्यान में एक केस आया। इसमें मेरी सरकार का एक मंत्री हर टेंडर या उस विभाग की खरीद-फरोख्त में एक परसेंट कमीशन मांग रहा था। इस केस का सिर्फ मुझे पता है। इसके बारे में विरोधी पार्टियों और मीडिया को पता नहीं है। मैं चाहता तो केस को दबा सकता था। इससे लोगों का विश्वास टूट जाता। मैं उस मंत्री के खिलाफ सख्त एक्शन ले रहा हूं। उसे मंत्रिमंडल से बर्खास्त कर दिया गया है। पुलिस को उसके खिलाफ केस दर्ज करने के लिए आदेश दे दिए हैं। मान ने कहा कि मंत्री ने अपना गुनाह कबूल भी कर लिया है।
पिछले सीएम ने कोई एक्शन नहीं लिया
मान ने कहा कि विरोधी पार्टियां कहेंगी कि 2 महीने में ही मेरी सरकार का एक मंत्री भ्रष्टाचार में लिप्त पाया गया। मैं कहना चाहता हूं कि एक्शन भी तो मैंने ही लिया है। उन्होंने कहा कि पुराने सीएम को भी पता था कि अवैध रेत खनन में कौन था? फिर भी एक्शन नहीं लिया गया। मैं मंत्री को बर्खास्त करने के साथ उसके खिलाफ केस भी दर्ज करवा रहा हूं।