7 घंटे में सीतापुर से रामपुर पहुंचे आजम खान:बोले- हमें उन कोठरी में रखा
रामपुर से सपा विधायक आजम खान 27 महीने बाद शुक्रवार को सीतापुर जेल से रिहा होकर रामपुर में अपने घर पहुंच गए हैं। सुबह 8 बजे जेल से बाहर आए आजम को उनके दोनों बेटों अब्दुल्ला और अदीब ने रिसीव किया। शिवपाल यादव भी इस दौरान साथ रहे।
जेल से आजम सीधे सीतापुर में अपने करीबी पूर्व विधायक अनूप गुप्ता के घर पहुंचे। समर्थकों से गले मिलने के दौरान आजम भावुक हो गए। उनकी आंखें भर आईं। इधर, अखिलेश यादव ने भी आजम की रिहाई पर सुबह पहला ट्वीट किया। उन्होंने कहा- रिहा होने पर हार्दिक स्वागत है।
ऐसे वाकये बताएंगे, जिन्हें सुनकर आपका कलेजा फट जाएगा
सीतापुर में मीडिया से उन्होंने कहा कि आज हम आपके सामने जिंदा खड़े हैं। जेल में उन कोठरियों में हमें रखा गया। जहां अंग्रेजों के जमाने में फांसी देने वालों को रखते थे। हमारी बैरक के पास ही फांसी घर था। वहां हम अकेले थे। बच्चे और बीवी के जेल से बाहर आने के बाद वहां की दीवारें, छत और रात का अकेलापन ही होता था।
एक समय ऐसा आया, हमें लगने लगा कि इस तहखाने से हमारा जनाजा ही जाएगा। इसीलिए जब आप लोग मिलने आते थे। तो हम कहते थे कि जिंदा आएंगे तो गाजिल होंगे। जनाजा जाएगा तो शहीद होंगे। अब जिंदा आ गए हैं। तुम्हारे बीच हैं, तो गाजिल हैं। मौका मिलेगा तो ऐसे वाकये बताएंगे। जिसे सुनकर आपका कलेजा फट जाएगा।