कल रमन सिंह का पुतला जलाएगा NSUI
प्रदेश भर में भाजपा के जेल भरो आंदोलन के दौरान ही कांग्रेस का छात्र संगठन NSUI भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष के खिलाफ मोर्चा खोल रहा है। NSUI सोमवार को प्रदेश भर में पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह का पुतला जलाने जा रहा है। संगठन का कहना है कि वह भारत माता की तस्वीर को जमीन पर रखकर अपमानित करने का विरोध कर रहा है।
NSUI के प्रदेश अध्यक्ष नीरज पाण्डेय ने कहा, राजनांदगांव में भारतीय जनता पार्टी के कार्यक्रम के दौरान भारत माता की तस्वीर को जमीन पर रखकर अपमानित किया गया। इसको लेकर हमने कुछ दिनों पहले डॉ. रमन सिंह को सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की थी। पांच दिन बीत जाने पर भी उन्होंने माफी नहीं मांगी। अब जैसा हमने कहा था कि अगर भाजपा या डॉ. रमन सिंह में से अगर कोई माफी नहीं मांगता है तो हम उनके खिलाफ पूरे प्रदेश में प्रदर्शन करेंगे। सोमवार को प्रदेश के प्रत्येक जिलों में NSUI के कार्यकर्ता पूर्व मुख्यमंत्री का पुतला दहन करेंगे।
रमन सिंह को काला झंडा दिखाने की भी चेतावनी
NSUI ने रमन सिंह को काला झंडा दिखाने की भी चेतावनी दी है। संगठन की ओर से पिछले सप्ताह कहा गया कि रमन सिंह अगर माफी नहीं मांगते तो उनके हर कार्यक्रम में काला झंडा दिखाया जाएगा।
