बढ़ गया है होम लोन का रेट, आपको EMI बढ़ानी चाहिए या टेन्योर
आरबीआई (RBI) ने बुधवार को एक चौंकाने वाले फैसले में रेपो रेट (Repo rate) में .40 पर्सेंट की बढ़ोतरी की है। इसके बाद कई बैंकों ने भी कर्ज महंगा कर दिया है। इनमें आईसीआईसीआई बैंक (ICICI Bank) और बैंक ऑफ बड़ौदा (Bank of Baroda) ने एक्टर्नल बेंचमार्क पर आधारित ब्याज दरों में बढ़ोतरी की है। आने वाले दिनों में दूसरे बैंक भी ऐसा कर सकते हैं। इससे होम लोन का रेट महंगा हो जाएगा। अब सवाल उठता है कि जिन लोगों का होम लोन चल रहा है, उन्हें अपनी किस्त (EMI) बढ़ानी चाहिए या किस्त वही रखते हुए कर्ज की अवधि यानी टेन्योर बढ़ाना चाहिए।
जानकारों का कहना है कि अगर आप लोन का टेन्योर नहीं बढ़ाना चाहते हैं तो ईएमआई यानी किस्त बढ़ाना ही बेहतर है। लेकिन इससे आपकी वित्तीय स्थिति नहीं गड़बड़ानी चाहिए। हालांकि अधिकांश बैंकों के पास टेन्योर बढ़ाने का डिफॉल्ट ऑप्शन है। जिन लोगों का लोन चल रहा है, उनका टेन्योर बढ़ जाएगा। अगर किसी ने 20 साल की अवधि के लिए सात पर्सेंट ब्याज पर 50 लाख रुपये का लोन लिया है तो 7.4 फीसदी के हिसाब से इसकी अवधि 18 महीने बढ़ जाएगी। जिन लोगों ने एमसीएलआर (MCLR) पर लोन लिया है, उन पर भी इसका असर होगा। हालांकि उनके लिए नया रेट लोन रिसेट डेट से लागू होगा।
