सोनू निगम ने अजय देवगन-किच्चा सुदीप को दी तगड़ी नसीहत
पिछले कुछ दिनों से हिंदी भाषा के ऊपर नॉर्थ और साउथ के बीच काफी विवाद हुआ है। दरअसल गृह मंत्री अमित शाह ने यह बयान दिया था कि भारत में गैर हिंदीभाषियों को हिंदी में ही बातचीत करनी चाहिए। इसके बयान के बाद कई साउथ इंडियन ऐक्टर्स ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। हाल में जब अजय देवगन (Ajay Devgn) ने हिंदी को नैशनल लैंग्वेज बताया तो कन्नड़ ऐक्टर किच्चा सुदीप (kiccha Sudeep) ने सख्त रिऐक्शन दिया था। इसके बाद इस बहस में कई ऐक्टर्स शामिल हो गए थे। अब इस मामले में सिंगर सोनू निगम (Sonu Nigam) का भी बयान सामने आया है।
क्या बोले सोनू निगम?
सोनू निगम हाल में एक इवेंट में शामिल हुए थे। यहां उन्होंने कहा कि संविधान में कहीं नहीं लिखा हुआ है कि हिंदी हमारी राष्ट्रभाषा है। उन्होंने कहा कि हिंदी ही शायद भारत में सबसे ज्यादा बोली जाने वाली भाषा है लेकिन राष्ट्रभाषा नहीं है। सोनू ने यह भी कहा कि तमिल सबसे पुरानी भाषा है और अक्सर यह बहस चलती रहती है कि तमिल ज्यादा पुरानी है या संस्कृत लेकिन लोग कहते हैं कि पूरी दुनिया में तमिल ही सबसे पुरानी भाषा है। सोनू निगम ने यह भी कहा कि अपने देश में नई समस्याएं और मुद्दे शुरू करने से पहले अन्य देशों से कई मुद्दे सुलझाए जाने की जरूरत है।