Google Analytics Meta Pixel
खेलफीचर्ड

मुंबई इंडियंस के लिए फिर काल बने केएल राहुल, लगातार दो मैचों में जड़े शतक

 कप्तान केएल राहुल (KL Rahul, 103 नाबाद) की शानदार बल्लेबाजी की बदौलत वानखेड़े स्टेडियम में रविवार को आईपीएल 2022 के 37वें मैच में लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) ने मुंबई इंडियंस (एमआई) को 169 रनों का लक्ष्य दिया। लखनऊ ने 20 ओवरों में छह विकेट खोकर 168 रन बनाए। टीम की ओर से कप्तान राहुल और मनीष पांडे के बीच 47 गेंदों में 58 रनों की साझेदारी हुई। मुंबई की ओर से कायरन पोलार्ड और रिले मेरेडिथ ने दो-दो विकेट चटकाए। वहीं, जसप्रीत बुमराह और डेनियल सैम्स ने एक-एक विकेट लिया।

राहुल ने 62 गेंद की पारी में 12 चौके और चार छक्के से नाबाद 103 रन बनाकर मौजूदा सत्र में अपना दूसरा शतक लगाया। उनका पिछला शतक (60 गेंद में नाबाद 103) भी मुंबई के खिलाफ ही 16 अप्रैल को आया था। इस तरह वह एक सीजन में दो या उससे अधिक शतक बनाने वाले बल्लेबाजों में शामिल हो गए हैं। रोचक बात यह है कि वह किसी एक टीम के खिलाफ लगातार दो मैचों में दो शतक जड़ने वाले विराट कोहली के बाद दूसरे बल्लेबाज बने। कोहली ने 2016 में गुजरात लायंस के खिलाफ ऐसा किया था।

इससे पहले टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए लखनऊ ने धीमी शुरुआत करते हुए पावरप्ले में एक विकेट खोकर 32 रन बनाए। इस दौरान, सलामी बल्लेबाज क्विंटन डि कॉक (10) बुमराह के शिकार हो गए। तीसरे नंबर पर आए मनीष पांडे ने कप्तान केएल राहुल के साथ टीम के लिए महत्वपूर्ण रन जोड़े, जिससे 9 ओवर के बाद टीम का स्कोर 50 के पार पहुंच गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *