Amway India पर ED की बड़ी कार्रवाई, जब्त की 757 करोड़ की संपत्ति
नई दिल्ली: नेटवर्क मार्केटिंग कंपनी एमवे इंडिया को बड़ा झटका लगा है। ईडी (ED) ने एमवे इंडिया की 757.77 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त कर ली है। एमवे इंडिया पर मल्टीलेवल मार्केटिंग स्कैम (Multi-Level Marketing Scam) चलाने का आरोप है। जो संपत्तियां जब्त की गई हैं, उनमें तमिलनाडु के डिंडीगुल जिले में कंपनी की जमीन, फैक्ट्री, प्लांट्स व मशीनरी, वाहन, बैंक खाते और एफडी शामिल हैं। ईडी ने एमवे की 411.83 करोड़ रुपये की अचल और चल संपत्ति जब्त की है। इसके अलावा 36 विभिन्न खातों से 345.94 करोड़ रुपये के बैंक बैलेंस को अस्थायी रूप से कुर्क किया है।
पिरामिड फ्रॉड चला रहा है एमवे
ईडी द्वारा की गई मनी लॉन्ड्रिंग (Money Laundering) जांच में खुलासा हुआ कि एमवे डायरेक्ट सेलिंग मल्टी-लेवल मार्केटिंग नेटवर्क की आड़ में पिरामिड फ्रॉड (Pyramid Fraud) चला रहा है। यह देखा गया है कि खुले बाजार में उपलब्ध प्रतिष्ठित निर्माताओं के लोकप्रिय उत्पादों की तुलना में कंपनी द्वारा पेश किए जाने वाले अधिकांश उत्पादों की कीमतें अत्यधिक हैं। वास्तविक जानकारी जाने बिना, आम आदमी कंपनी के सदस्यों के रूप में शामिल होने और अत्यधिक कीमतों पर उत्पाद खरीदने के लिए प्रेरित होता है और इस प्रकार अपनी मेहनत की कमाई खो देता है। नए सदस्य उत्पादों को उनका उपयोग करने के लिए नहीं खरीद रहे हैं, बल्कि सदस्य बनकर अमीर बनना चाहते हैं, जो सपना पुराने सदस्य उन्हें दिखाते हैं। वास्तविकता यह है कि पुराने सदस्यों द्वारा प्राप्त कमीशन उत्पादों की कीमतों में वृद्धि में बहुत बड़ा योगदान देता है।
