एलन मस्क का जाल काटने के लिए ‘नीली चिड़िया’ ने निकाली ‘जहर की गोली’
नई दिल्ली: दुनिया के सबसे बड़े रईस एलन मस्क (Elon Musk) लोकप्रिय सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्विटर (Twitter) को खरीदने के लिए बेताब हैं। इसके लिए वह बड़ी रकम चुकाने के लिए तैयार हैं। साथ ही उन्होंने धमकी भी दी है कि अगर उनकी पेशकश को ठुकराया गया तो वह कंपनी में अपने निवेश से हाथ खींच सकते हैं। ट्विटर के बोर्ड ने मस्क के इस जाल को काटने के लिए पॉइजन पिल (Poison pill) का सहारा लिया है। इससे मस्क कंपनी का जबरन टेकओवर नहीं कर पाएंगे।
ट्विटर के बोर्ड ने शुक्रवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में इसकी घोषणा की। पॉइजन पिल एक लिमिटेड टर्म शेयरहोल्डर राइट्स प्लान होता है। इससे ट्विटर के शेयरहोल्डर्स (मस्क के अलावा) सस्ती कीमत पर कंपनी के शेयर खरीद सकते हैं। इससे कंपनी में मस्क की हिस्सेदारी कम हो जाएगी। मस्क के पास अभी ट्विटर के 9.2 फीसदी हिस्सेदारी है। अगर वह मस्क या कोई अन्य निवेशक 15 फीसदी से अधिक हिस्सेदारी लेता है तो यह प्रावधान लागू हो जाएगा।
