आज हिमाचल के मंडी में AAP का रोड शो:अरविंद केजरीवाल और भगवंत मान बजाएंगे चुनावी बिगुल
हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में आज आम आदमी पार्टी (AAP) का रोड शो है। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और पंजाब के CM भगवंत मान इसके जरिए हिमाचल में आगामी विधानसभा और MC शिमला चुनाव का बिगुल बजाएंगे। AAP के इस रोड शो पर हिमाचल के साथ-साथ पूरे देश की नजरें टिकी हुई हैं, क्योंकि राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल दिल्ली व पंजाब के अलावा अन्य राज्यों में भी पार्टी के विस्तार का ऐलान कर चुके हैं।
AAP नेताओं का दावा है कि आज के रोड शो में अरविंद केजरीवाल की मौजूदगी में हिमाचल कांग्रेस व भाजपा के कई बड़े नेता पार्टी का दामन थामने जा रहे हैं। मंडी के विक्टोरिया पुल से पड्डल मैदान तक होने वाले इस रोड शो को लेकर तैयारी पूरी है। रोड शो के लिए प्रदेशभर से कार्यकर्ता मंडी पहुंचने गए हैं।
कांग्रेस-भाजपा से कई चेहरे छिटकने की चर्चा
AAP की बढ़ती गतिविधियों के कारण कांग्रेस और भाजपा में भी अंदरखाते हलचल मच गई है। मुख्यमंत्री के गृह जिले में होने वाले रोड शो में दोनों पार्टियों के कई बड़े चेहरों के छिटकने की चर्चा है। चर्चा इस बात की भी है कि जयराम कैबिनेट से एक मंत्री भी CM चेहरा बनाने की शर्त पर अरविंद केजरीवाल के संपर्क में हैं।
वहीं, हाशिए पर चल रहे मंडी के अनिल शर्मा, कुल्लू से महेश्वर सिंह, अर्की से गोविंद शर्मा, बंजार से पूर्व मंत्री खीमी राम, जुब्बल कोटखाई से चेतन बरागटा और कांग्रेस के मेजर विजय सिंह मनकोटिया के भी AAP में जुड़ने की चर्चा हैं। इनमें से कौन नेता AAP में आज जुड़ता है या सियासी रूख का इंतजार करता है, यह दोपहर तक स्पष्ट हो जाएगा।