सोनिया गांधी से मिले गुलाम नबी आजाद
कांग्रेस के ‘जी 23’ गुट (G 23 congress) के नेताओं की ओर से सामूहिक नेतृत्व की मांग किए जाने के दो दिन बाद शुक्रवार को इस गुट के एक प्रमुख सदस्य गुलाम नबी आजाद (Ghulam Nabi Azad) ने पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी (Sonia Gandhi) से मुलाकात की। आजाद ने सोनिया गांधी के आवास ‘10 जनपथ’ पहुंचकर उनसे मुलाकात की। माना जा रहा है कि इस बैठक में उन्होंने ‘जी 23’ गुट के पक्ष को उनके समक्ष रखा है।
उधर बैठक के बाद आजाद ने मीडियाकर्मियों को बताया कि कांग्रेस अध्यक्ष के साथ अच्छी बैठक हुई। बैठक में आने वाले चुनाव में कैसी तैयारी की जाए और उसमें हम अपने पार्टी को किस तरह मज़बूत करें और विरोधी पार्टियों से कैसे लड़ा जाए उस पर चर्चा हुई। आजाद ने कहा, ‘कांग्रेस पार्टी के सभी सदस्यों ने सर्वसम्मति से फैसला किया कि उन्हें अध्यक्ष के रूप में बने रहना चाहिए, हमारे पास बस कुछ सुझाव थे जो साझा किए गए थे।’ सोनिया से मुलाकात से पहले आजाद ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कर्ण सिंह के आवास पर जाकर उन्हें होली की शुभकामनाएं दीं।
कांग्रेस अध्यक्ष के साथ आजाद की मुलाकात से एक दिन पहले, गुरुवार को इस समूह के सदस्य भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी से मुलाकात की थी। सूत्रों का कहना है कि राहुल गांधी के साथ उनकी एक घंटे से अधिक समय तक चली मुलाकात के दौरान हालिया विधानसभा चुनाव के नतीजों और पार्टी को मजबूत करने के संदर्भ में चर्चा हुई। राहुल गांधी ने हुड्डा को हरियाणा की राजनीतिक स्थिति पर बातचीत के लिए बुलाया था।
