छुट्टी पर हों या ड्यूटी पर… यूक्रेन गए तो तुरंत होगा कोर्ट मॉर्शल
लंदन: ब्रिटिश रक्षा मंत्रालय (UK Ministry of Defence) ने कहा है कि कोई भी सैनिक बिना बताए यूक्रेन (UK Ukraine Relations) गया तो उसका कोर्ट मार्शल किया जाएगा। दावा किया जा रहा है कि ब्रिटिश सेना के चार सैनिक यूक्रेन (British Troops in Ukraine) की तरफ से युद्ध लड़ रहे हैं। जिसके बाद ब्रिटिश रक्षा मंत्रालय को अपने सैनिकों को अनुशासित रखने के लिए चेतावनी जारी करनी पड़ी है। इसमें कहा गया है कि सभी सैनिकों को बिना अनुमति के यूक्रेन की यात्रा करने से प्रतिबंधित किया गया है। इस आदेश का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। ब्रिटेन ने पहले ही यूक्रेन को सैनिक भेजने से इनकार किया है। इसकी जगह ब्रिटिश सरकार ने भारी मात्रा में एंटी एयरक्राफ्ट और एंटी आर्मर मिसाइलों की सप्लाई की है।
सैनिकों के यूक्रेन जाने पर लगा प्रतिबंध
ब्रिटिश रक्षा मंत्रालय ने अपने बयान में कहा कि सभी सेवा कर्मियों को अगली सूचना तक यूक्रेन की यात्रा करने से प्रतिबंधित कर दिया गया है। यह छुट्टी पर गए या ड्यूटी पर तैनात सभी सैनिकों पर लागू होता है। ऐसे में आदेश के खिलाफ यूक्रेन की यात्रा करने वाले कर्मियों को अनुशासनात्मक और प्रशासनिक परिणामों का सामना करना पड़ेगा। द सन की एक रिपोर्ट में चेतावनी दी गई थी कि ब्रिचिश सेना के कई सैनिक यूक्रेन की तरफ से युद्ध लड़ रहे हैं। इनमें विंडसर बैरक का एक सैनिक 19 वर्षीय कोल्डस्ट्रीम गार्ड्समैन भी शामिल है। उसने अपने माता-पिता को चिट्ठी लिखकर इसकी जानकारी दी थी। यूक्रेन पहुंचने के लिए उसने पोलैंड का टिकट भी खरीदा था।