नासिक के बाद मुंबई के समंदर में भी लता मंगेशकर की अस्थियां की गईं विसर्जित
स्वर कोकिला लता मंगेशकर अब हमारे बीच नहीं हैं। 6 फरवरी को 92 साल की उम्र में उन्होंने दुनिया को अलविदा कह दिया। कुछ दिन पहले दिग्गज सिंगर की अस्थियां नासिक में विसर्जित की गई थीं। अब रविवार को उनके भाई हृदयनाथ, भतीजी रचना और भतीजे आदिनाथ ने मुंबई के गेटवे ऑफ इंडिया जाकर अरब सागर में भी उनकी अस्थियों को विसर्जित किया। इस दौरान उनकी फैमिली के अन्य मेंबर्स भी वहां मौजूद रहे।
इस वजह से मुंबई में भी विसर्जित की गईं लता जी की अस्थियां
सूत्रों के मुताबिक, लता मंगेशकर मुंबई से बहुत प्यार करती थीं। इसलिए उनकी फैमिली को लगा कि यह तभी सही होगा, जब उनकी अस्थियों को मुंबई के समंदर में भी विसर्जित किया जाए। आगे बताया गया कि यह उनकी फैमिली ने उसी दिन तय कर लिया था, जिस दिन उनका निधन हुआ था।
नासिक, हरिद्वार और वाराणसी में भी की गईं अस्थियां विसर्जित
बता दें कि 10 फरवरी को भारत रत्न लता मंगेशकर की अस्थियों को नासिक की पवित्र गोदावरी नदी में विसर्जित किया गया था। इस दौरान भी उनका पूरा परिवार नासिक में मौजूद था। नासिक जिला प्रशासन ने गोदावरी नदी के तट पर भव्य आयोजन भी किया था। मुंबई के शिवाजी पार्क में लता दीदी का अंतिम संस्कार हुआ था।
इसके एक दिन बाद उनकी अस्थियों को तीन कलश में मुंबई के शिवाजी पार्क से जमा किया गया था। अस्थियां लेकर आदिनाथ उनके निवास ‘प्रभु कुंज’ पहुंचे थे। आदिनाथ ने पूरे धार्मिक रीति-रिवाज के अनुसार कलश से अस्थियां नदी में प्रवाहित की थीं। नासिक के रामकुंड के अलावा उनकी अस्थियों को हरिद्वार और वाराणसी में भी प्रवाहित किया गया।
