उप सरपंच पति ने साथियों के साथ मिलकर मारा
छत्तीसगढ़ के जांजगीर जिले में एक महिला सरपंच और उसके परिवार की सरेराह पिटाई कर दी गई। पुरानी रंजिश के चलते उनके ही गांव की उपसरपंच पति ने अपने साथियों के साथ मिलकर परिवार पर लाठी और रॉड से हमला कर दिया। इससे 3 लोग बुरी तरह घायल हुए हैं। वहीं आरोपियों ने सरपंच के बेटों का कपड़ा फाड़ दिया। पुलिस ने इस मामले में 4 लोगों के खिलाफ हत्या के प्रयास का केस दर्ज किया है। मामला डभरा थाना क्षेत्र के घोघरी ग्राम पंचायत का है। घटना का वीडियो भी सामने आया है।
मुनुदाई सिदार पति समारू लाल सिदार घोघरी ग्राम पंचायत की सरपंच हैं। सरपंच पद के काम के लिए उनका सहयोग उनके पति समारू लाल भी करते हैं। शुक्रवार को पति-पत्नी अपने 2 बच्चों और पंचायत के अन्य लोगों के साथ गांव में सुलभ शौचालय का ले-आउट बनाने के लिए गए हुए थे। इसी दौरान वहां पर पहले से ही गांव की उपसरपंच दिनेश्वरी जायसवाल का पति रामआश्रय जायसवाल भी मौजूद था।
गाली देने लगा आरोपी
बताया जा रहा है कि रामआश्रय ने जैसे ही सरपंच और उसके परिवार को देखा वो उनके साथ गाली-गलौज करने लगा। गाली देने पर सरपंच के बेटे योगेश और नूतन ने उसे मना किया। मगर वह नहीं माना, वह बार-बार गाली देता रहा। इस पर सरपंच अपने पति और बच्चों के साथ उसकी शिकायत करने थाने जाने लगीं।