Adani Wilmar IPO: आज है कमाई का आखिरी मौका
देश के दूसरे सबसे बड़े रईस गौतम अडानी (Gautam Adani) को तो आप जानते ही होंगे। उनकी एक एफएमसीजी (FMCG) कंपनी है, अडानी विल्मर (Adani Wilmar)। मुख्यत: कुकिंग आॅयल बनाने वाली इसी कंपनी का बहुप्रतीक्षित आईपीओ (IPO) में बोली लगाने का आज आखिरी दिन है। इस कंपनी के एक रुपया के शेयर के लिए प्राइस बैंड 218-230 रुपये रखी गई है।
दो दिनों में 1.13 गुना भरा है
अडानी विल्मर (Adani Wilmar) के आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) के लिए बीते शुक्रवार तक (बोली लगाने के दूसरे दिन) 1.13 गुना सब्सक्रिप्शन मिला है। बीएसई पर उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, कंपनी की तरफ से 12,25,46,150 शेयरों की पेशकश पर दूसरे दिन 13,85,77,270 शेयरों के लिए बोलियां मिलीं थी। कंपनी को खुदरा व्यक्तिगत निवेशक श्रेणी में 1.85 गुना, गैर-संस्थागत निवेशक श्रेणी में 88 फीसदी और पात्र संस्थागत खरीदार खंड में 39 फीसदी सब्सक्रिप्शन प्राप्त हुआ है। बोली लगाने के पहले दिन इस आईपीओ को 57 फीसदी सब्सक्रिप्शन मिला था।
स्टॉक एक्सचेंज पहुंचने वाली अडानी ग्रुप की सातवीं कंपनी
अडानी विल्मर शेयर बाजार में लिस्ट होने जा रही अडानी ग्रुप की सातवीं कंपनी है। इस आईपीओ में 3600 करोड़ रुपये के फ्रेश इश्यू है और कोई भी प्रमोटर या शेयरहोल्डर अपने शेयर नहीं बेच रहा है। अडानी विल्मर की स्थापना 1999 में की गई थी। यह अडानी ग्रुप और सिंगापुर के विल्मर (Wilmar) का जॉइंट वेंचर है। यह Fortune ब्रांड से तेल और दूसरे खाद्य पदार्थ बेचती है। इससे पहले अडानी ग्रुप की छह कंपनियां Adani Enterprises, Adani Transmission, Adani Green Energy, Adani Power, Adani Total Gas, और Adani Ports and Special Economic Zone शेयर बाजार में लिस्ट हो चुकी हैं।
क्या चल रहा है ग्रे मार्केट प्रीमियम
ग्रे मार्केट में इसके मूल्य में लगातार बदलाव हो रहा है। आईपीओ के मार्केट में हिट करने से पहले ग्रे मार्केट में अडानी विल्मर का शेयर 25 फीसदी ऊपर यानी करीब 50 रुपये प्रीमियम पर ट्रेड कर रहा था। इस समय यह गिर कर 40 से 45 रुपये तक आ गया है।
