Google Analytics Meta Pixel
देशफीचर्ड

बैकफुट पर SBI:3 महीने से ज्यादा की गर्भवती महिलाओं को बताया था अनफिट

भारतीय स्टेट बैंक (SBI) ने तीन महीने से ज्यादा की प्रेग्नेंट महिलाओं को ‘टेंपरेरी अनफिट’ कहकर भर्ती नियम बदला था। इस पर बढ़ते विरोध और दिल्ली महिला आयोग के नोटिस के बाद बैंक ने यह नियम वापस ले लिया है। SBI ने प्रेस रिलीज जारी करते हुए बताया कि वह भावनाओं का ध्यान रखते हुए बदले हुए भर्ती नियमों पर रोक लगा रहा है। आगे होने वाली भर्तियां पुराने नियमों के आधार पर ही की जाएंगी।

दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने इस मामले पर SBI को नोटिस जारी किया था। स्वाति ने मांग की थी कि ऐसे दिशा-निर्देशों के पीछे की प्रक्रिया के गठन और उन्हें मंजूरी देने वाले अधिकारियों के नाम शेयर करें।

नियम को बताया था भेदभावपूर्ण
स्वाति ने इस मामले में ट्वीट करते हुए लिखा- भारतीय स्टेट बैंक ने 3 महीने से ज्यादा गर्भवती महिलाओं को सर्विस में शामिल होने से रोकने के निर्देश जारी किए हैं और उन्हें ‘अस्थाई रूप से अयोग्य’ भी क़रार दिया। यह भेदभावपूर्ण भी है और अवैध भी। हमने उन्हें इस महिला-विरोधी नियम को वापस लेने की मांग करते हुए नोटिस जारी किया है।

SBI की नई गाइडलाइन में यह था
दरअसल, बैंक ने 31 दिसंबर 2021 को नए लोगों की भर्ती या प्रमोशन पाने वालों के लिए नई मेडिकल फिटनेस गाइडलाइन जारी की थी। जारी गाइडलाइन के मुताबिक, 3 महीने से अधिक की गर्भवती महिला उम्मीदवारों को अस्थाई रूप से अनफिट और अयोग्य माना जाएगा। हालांकि, बैंक ने यह भी कहा था कि बच्चे के जन्म के 4 महीने के बाद महिलाएं काम पर आ सकती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *